केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया, कौन होगा चिदम्बरम पार्ट-2 ?

चिदंबरम को हिरासत में लेने के बाद अब बीजेपी का अगला निशाना रोबर्ट वाड्रा हो सकते हैं। इसका संकेत देते हुए बीजेपी नेता साध्वी निरंजन ज्योति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई हैं। जहाँ चिदंबरम को हाई कोर्ट से झटका मिलने के बाद कांग्रेस केंद्र सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगा रही है, तो वहीं अब केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने उल्टा कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने बयान में रोबर्ट वाड्रा को निशाना बनाया है।

साध्वी निरंजन ने कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक जितने घोटाले हुए हैं, चाहे वह 2जी घोटाला हो, 3G घोटाला हो, रेल घोटाला हो या फिर खेल घोटाला हो, अब एक-एक कर सारे खुल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पी. चिदंबरम अगर दोषी नहीं है तो क्यों भाग रहे थे, इतना नाटक क्यों कर रहे थे? कांग्रेस दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे जांच क्यों नहीं फेस कर रहे थे? बीजेपी नेता साध्वी ने कहा कि बदले की कार्यवाई हमेशा कांग्रेस करती है। इसलिए उनको लग रहा है कि बीजेपी ऐसा कर रही है लेकिन हम ऐसा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आयकर विभाग और सीबीआई कह रहे हैं कि उनके पास सबूत है कि पूर्व मंत्री के पास आय से ज्यादा संपत्ति है। इस जांच की आंच बहुत दूर तक जाएगी।

साधारण इंसान के पास इतनी संपत्ति कैसे

इसके साथ ही केंद्रीय नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रियंका गांधी के पति रोबर्ट वाड्रा पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है कि साधारण परिवार से होने के बावजूद रोबर्ट वाड्रा की संपत्ति की आज गणना नहीं की जा सकती है कि आखिर उनके पास कितनी संपत्ति हैं। उनके ऊपर आरोप सिद्ध हो चुके हैं। इसी के पलट खुद का दामन साफ़ रखते हुए वे बोली कि मैं ऐसा नहीं कह रही कि राबर्ट वॉड्रा जेल जाएंगे, लेकिन जांच एजेंसी जांच कर रही है। अगर आरोप सिद्ध होंगे तो वह जाएंगे। अब अगर कोई भ्रष्टाचार को राजनीतिक मुद्दा बना दे तो क्या कहेंगे, यह कांग्रेस की आदत है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस अगर ऐसे आदमी के साथ खड़ी है तो मैं क्या कह सकती हूं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को एक अच्छा मुद्दा बनाने की भी बात कही।

Related Articles

Back to top button