महाराष्ट्र चुनाव में मोदी बनाम राहुल दोनों ओर से तैयारियां तेज

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की तारीख नज़दीक आते ही राजनीतिक पार्टियों का प्रचार अभियान भी रफ़्तार पकड़ रहा है। रविवार को महाराष्ट्र में बीजेपी और कांग्रेस, दोनों पार्टियों के मुख्य नेता जनसभा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी जनता से सेवा के और पांच साल मांगेंगे, वहीँ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी कांग्रेस उम्मीदवार बसावरन एम. पाटिल की रैली को सम्बोधित करेंगे।

रविवार को महाराष्ट्र में बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो कांग्रेस की ओर से पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जनसभाएं करेंगे। इस रैली को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करूंगा। जलगांव और सकोली में रैलियों को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं। एनडीए हमारे युवा और दूरदर्शी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसजी के नेतृत्व वाली सरकार के कामों के आधार पर लोगों के बीच जा रहा है। हम राज्य की सेवा करने के लिए पांच और साल मांगेंगे।

लातूर और मुंबई में राहुल की रैली

गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। रविवार को महाराष्ट्र में उनकी तीन रैलियां होंगी। रविवार को दोपहर बाद लातूर के असुआ में कांग्रेस उम्मीदवार बसावरन एम. पाटिल के लिए होने वाली रैली को संबोधित करेंगे। उसके बाद शाम में मुंबई के चांदीवली में पार्टी उम्मीदवार नसीम खान और धारावी में वर्षा गायकवाड़ के लिए होने वाली जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बता दें कि चुनाव प्रचार अभियान में जुड़ने से पहले राहुल गाँधी के बैंकाक जाने की अफवाहें सामने आई थी। इसपर पार्टी ने उनकी तरफ से बताया था कि राहुल गाँधी बैंकाक नहीं, बल्कि ध्यान लगाने कंबोडिया पहुंचे हैं।

Related Articles

Back to top button