बेगूसराय पुलिस ने कश्मीरी लड़की को अपनी सुरक्षा में लिया

बेगूसराय, 30 जनवरी

कश्मीर से आकर बेगूसराय में अपने प्रेमी से शादी करने और पति द्वारा ठुकराए जाने से आहत होकर आत्महत्या करने की कोशिश करने वाली कश्मीरी लड़की को बेगूसराय पुलिस ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है। अब उसकी इच्छा के अनुरूप पुलिस कार्रवाई करेगी।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि जम्मू कश्मीर के श्रीनगर जिले के हैदरपुरा थाना के गुलबर्ग कबीनी निवासी मो. हनीफ की पुत्री समर हनीफ उर्फ अंजलि सिंह ने पिछले वर्ष बेगूसराय आकर अपने प्रेमी वीरपुर थाना क्षेत्र के सहुरी निवासी लल्लू कुमार सिंह से शादी कर लिया था।

शनिवार को जानकारी मिली की पति द्वारा ठुकराए जाने के बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। अभी वह लड़की महिला थाना के पास है। बातचीत कर उसका पक्ष जानने की कोशिश की जा रही है, उसके घर से भी संपर्क किया जा रहा है।

शादी करने के संबंध में भी पूछताछ चल रही है। उसने जिस लड़के से शादी की थी उससे भी जानकारी जुटाई जा रही है। उक्त कश्मीरी लड़की की इच्छा के अनुसार पूरी बातचीत कर उचित कार्रवाई की जाएगी। किसी भी लड़की या महिला की संपूर्ण सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना पुलिस का कर्तव्य है। बेगूसराय पुलिस उसे मुस्तैदी से कर रही है तथा उसकी इच्छा के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि वीरपुर थाना क्षेत्र स्थित सहुरी निवासी लल्लू कुमार सिंह काम के सिलसिले में जम्मू कश्मीर गया था तो वहां उसकी मुलाकात मो. हनीफ की पुत्री समर हनीफ से हुई। मुलाकात के बाद दोस्ती प्यार में बदल गई तथा दोनों एक साथ जीने मरने के लिए तैयार गए। पिछले वर्ष वह लड़की बेगूसराय आई तथा अपना धर्म और नाम बदलकर अंजलि सिंह रखते हुए लल्लू कुमार से शादी किया था।

शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक-ठाक चला, उसके बाद मायके कश्मीर चली गई तो उसके प्रेमी पति ने भी दूरी बनानी शुरू कर दी। 24 जनवरी को कश्मीर से अपने ससुराल आ गई, यहां से किसी बात को लेकर उसने नींद की गोली खाकर आत्महत्या की कोशिश किया। लेकिन आसपास के लोगों के प्रयास से अस्पताल ले जाने के कारण उसकी जान बच गई। अस्पताल में स्वस्थ होने पर शनिवार को अपने मायके जाने की बात कह कर वह निकल गई लेकिन इसकी जानकारी होने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसके पति पर घर में रखने का दबाव बनाया।

फिलहाल महिला थाना की पुलिस कश्मीरी लड़की से पूछताछ कर रही है। पति भी उसे रखने के लिए तैयार है, अब सब कुछ उक्त लड़की पर निर्भर करता है कि क्या निर्णय लेती है। उसी के निर्णय के आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button