बलिया : जन्मदिन में फायरिंग, भोजपुरी गायक गोलू राजा को गोली लगी

बलिया। जिले के गड़वार थाना के महाकलपुर गांव में बीती रात भाजपा नेता के पुत्र के जन्मदिन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग में भोजपुरी गायक गोलू राजा को गोली लग गई। गोली से घायल भोजपुरी गायक को पहले मऊ ले जाया गया। फिर वे बक्सर चले गए जहां खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
महाकलपुर में सोमवार की रात भाजपा नेता बताए जा रहे भानु दूबे के बेटे के जन्मदिन का समारोह चल रहा था। जिसमें भोजपुरी गायक बिहार के नवाडीह थाना के सिगरहटा निवासी गोलू राजा व गायिका निशा उपाध्याय कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। वहीं गीत-संगीत संग भोजन भी चल रहा था। इस बीच किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिसमें गोली गोलू राजा के दाहिने बांह में जा लगी। गोली लगते ही गोलू राजा मंच से कूदकर नीचे भागे। उन्हें फौरन मऊ के एक अस्पताल में ले जाया गया। वहां से उनके समर्थक उन्हें लेकर बक्सर चले गए जहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गड़वार थानाध्यक्ष अनिलचन्द्र तिवारी ने इस बाबत बताया कि भानु दूबे के यहां जन्मदिन में फायरिंग के दौरान किसी को गोली लगी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि हमें भी सूचना मिली है कि गोलू राजा को गोली लगी है। लेकिन वे कहां हैं, यह जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में छानबीन की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि किसने गोली चलाई। मुकदमा दर्ज करवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button