आरटीआई एक्ट पर गृह मंत्री अमित शाह ने कही यह बड़ी बात

देश में सूचना के अधिकार के तहत बनाई गई केंद्रीय सूचना आयोग के 14वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दी। गृहमंत्री ने कहा कि हमारा देश सूचना का अधिकार कानून लागू करने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि इस कानून का मूल प्रावधान व्यवस्था के अंदर जनता का विश्वास खड़ा करना है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आरटीआई एक्ट की कल्पना की गई होगी उसे लगभग अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचाने में हमारा देश सफल रहा है। इसके चलते तंत्र पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है। शाह ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही ये दोनों ऐसे अंग हैं जिसके आधार पर ही हम अच्छा प्रशासन और सुशासन दे सकते हैं। पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों को आगे बढ़ाने के लिए आरटीआई एक्ट सहायक रहा है। उन्होंने आरटीआई एक्ट को अन्याय रहित सुशासन देने की दिशा में प्रशासन ले जाने के लिए अच्छा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि आरटीआई एक्ट भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासनिक व्यवस्था खड़ी करने में अच्छा प्रयास है। अधिकारों के अतिक्रमण को नियंत्रित करने में भी आरटीआई ने अपनी पूरी भूमिका निभाई है।

जनता और प्रशासन के बीच की खाई को पाटने में मददगार आरटीआई

उन्होंने कहा कि हमारे देश में जरूरी था कि लोगों का विश्वास शासन और व्यवस्था में बने और लोगों की सहभागिता भी व्यवस्था के अंदर आए। आजादी के पहले प्रशासन का उद्देश्य अपने आकाओं की इच्छा की पूर्ति करना था, इसके कारण बड़े कालखंड में जनता और प्रशासन के बीच बड़ी खाई बन गई थी। वहीँ आरटीआई एक्ट का मूल प्रावधान व्यवस्था के अंदर जनता का विश्वास खड़ा करना है। ये विश्वास जनता में जागृत करना यही इस कानून का प्रमुख उद्देश्य है। गृहमंत्री ने आगे कहा कि पिछले 14 साल में आरटीआई एक्ट के कारण जनता और प्रशासन के बीच की खाई को पाटने में बहुत मदद मिली है और जनता का प्रशासन व व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने आरटीआई एक्ट को हमारी लोकतंत्र की यात्रा के अंदर बहुत बड़ा मील का पत्थर बताया।

Related Articles

Back to top button