ससुरालियों की हैवानियत: प्रताड़ना से आहत महिला छत से कूदी, कहा – “कूदने दो, कोई परेशानी नहीं”, गिरने के बाद भी पीटा!

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गोंडा थाना क्षेत्र के दमकोली गांव में एक महिला छत से कूदकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष आए दिन मारपीट और दहेज की मांग करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया।
परिजनों का आरोप – दहेज की मांग पूरी न होने पर होती थी प्रताड़ना
महिला के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करते थे। जब भी मांग पूरी नहीं होती, महिला के साथ मारपीट की जाती। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने इतना प्रताड़ित किया कि वह छत से कूदने को मजबूर हो गई।
“कूदने दो कोई परेशानी नहीं है”
इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला छत से छलांग लगाती दिख रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि वीडियो बना रहे लोग महिला को कूदने के लिए उकसा रहे हैं, वो कह रहे हैं, “कूद, कूद पड़, मारेंगे आज तुझे बहुत, कूदने दो कोई परेशानी नहीं है” और इतने में महिला छत से कूद जाती है।
महिला के कूदने के बाद बच्चे एकदम सहम जाते है और मम्मी-मम्मी कहकर चीखने बिलखने लगते हैं।
पुलिस को दी गई तहरीर
महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी है। उनका कहना है कि यह घटना एक सोची-समझी साजिश का नतीजा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस का बयान – पति के उकसावे पर महिला ने लगाई छलांग
इस मामले पर क्षेत्राधिकारी (CO) इगलास महेश कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने कहा:
“थाना गोंडा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम दमकोली में एक महिला के छत से कूदने का मामला सामने आया है। जांच में पता चला है कि महिला का अपने पति से विवाद था और पति के उकसाने पर ही उसने यह कदम उठाया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मेडिकल परीक्षण कराया गया है। महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मौके पर शांति है।”
महिला अस्पताल में भर्ती
छत से कूदने के बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है।



