अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी दांव, 10 हजार के जवाब में सालाना 40 हजार का वादा
अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले गरीब माताओं–बहनों के लिए सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी 10 हजार रुपये देने की बात कर सकती है तो सपा 40 हजार रुपये देगी। अखिलेश के मुताबिक गरीब माताओं और बहनों को साल में 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उनका कहना है कि लोगों को जो भरोसा दिया गया था, वह टूट गया है, इसलिए सपा यह जिम्मेदारी अपने हाथ में ले रही है।
‘एजेंडा आजतक’ में अखिलेश का बीजेपी पर हमला
अखिलेश यादव बुधवार को ‘एजेंडा आजतक’ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूपी में समाजवादी सरकार ने महिलाओं को समाजवादी पेंशन के तहत 500 रुपये देना शुरू किया था और धीरे-धीरे इसे बढ़ाने की योजना भी थी। लेकिन सरकार बदलने के बाद यह योजना बंद कर दी गई। अखिलेश ने कहा कि चुनाव नजदीक है और लोग अब भी इंतजार कर रहे हैं कि उन्हें 10 हजार रुपये कब मिलेंगे, लेकिन उन्हें सिर्फ धोखा मिला है।
गरीब महिलाओं को 40 हजार देने का दावा
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सपा ने गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना देने का फैसला पूरा हिसाब लगाकर किया है। उनके अनुसार, अगर 500 रुपये की पुरानी पेंशन का आंकड़ा लगाया जाए तो 12 महीने में 36 हजार रुपये बनते हैं और बाकी 4 हजार रुपये ब्याज के तौर पर जोड़कर कुल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि आपने तो लाखों रुपये देने का वादा किया था, वो पैसे कहां गए?



