अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला कानून व्यवस्था के नाम पर लगाया गंभीर आरोप

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है | शनिवार को समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के मौके पर अखिलेश ने योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में कोई भी सुरक्षित नहीं है, किसी की भी कहीं हत्या हो सकती है | एसपी अध्यक्ष ने कहा कि कहीं पर पुलिस हत्या कर रही है, तो कहीं लूट के बहाने हत्या हो जा रही है या फिर पीट-पीटकर मार डाला जा रहा है | अखिलेश ने कहा कि लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति खुद सजग रहना होगा |

उन्होंने सवाल किया कि लखनऊ में विवेक तिवारी की हत्या नहीं हुई | अखिलेश ने कहा कि पुलिस और सरकार के लोगों ने पहले झांसी में पुष्पेंद्र यादव को अपराधी बताया | गाड़ी की सीट पर खून कैसे बिखरा हुआ था | उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस अत्याचार कर रही है और सरकार अन्याय के साथ खड़ी है |

अखिलेश ने कहा कि जिस गोरखपुर में मुख्यमंत्री नवरात्र में रुके थे वहीं पर जेल में कैदियों और पुलिसकर्मियों के बीच जबरदस्त मारपीट हुई | मुख्यमंत्री को पता ही नहीं कि वहां आठ घंटे मार-पिटाई चलती रही | पता चला है कि कैदियों के साथ भी अन्याय और अत्याचार हो रहा है | समाजवादी चिंतक डॉ राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर यहां गोमतीनगर स्थित लोहिया पार्क में डॉक्टर लोहिया को माल्यार्पण करने के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज किसान दुखी है, नौजवान परेशान है | बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है | महंगाई से आम जनता त्रस्त है | ऐसी स्थिति में गांधीजी, डॉक्टर लोहिया और डॉक्टर अंबेडकर के बताए रास्ते और सिद्धांतों पर चलकर समाज में खुशहाली लाई जा सकती है |

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी लोग हर साल यहां आकर डॉक्टर लोहिया को याद करते हैं और उनके सिद्धांतों और बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं | उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ रही है और आने वाले समय में भी अन्याय के खिलाफ लड़ती रहेगी | इससे पहले लोहिया पार्क में अखिलेश यादव की मौजूदगी में बीएसपी के पूर्व विधायक केके ओझा अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए |

Related Articles

Back to top button