Akasa Air का बड़ा फैसला: 15 मार्च से फ्लाइट टिकट पर लगेगा फ्यूल सरचार्ज
Akasa Air ने फ्लाइट टिकट पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का किया ऐलान 15 मार्च से 199 से 1300 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा ATF महंगा होने से एयरलाइंस पर बढ़ा खर्च, Air India और IndiGo पहले ही बढ़ा चुके हैं किराया

Akasa Air ने फ्लाइट टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। एयरलाइन कंपनी ने बताया कि अब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की फ्लाइट्स में यात्रियों से फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा। यह सरचार्ज प्रति सीट 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक होगा। कंपनी के अनुसार 15 मार्च को रात 12:01 बजे के बाद बुक होने वाली सभी टिकटों पर यह अतिरिक्त शुल्क लागू होगा।
ATF महंगा होने से बढ़ा दबाव
कंपनी का कहना है कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। एयरलाइन कंपनियों के कुल ऑपरेटिंग खर्च में फ्यूल का हिस्सा काफी बड़ा होता है। ऐसे में एटीएफ महंगा होने से एयरलाइंस पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है, जिसकी वजह से किराये में फ्यूल सरचार्ज जोड़ने का फैसला लिया गया है।
Air India और IndiGo पहले ही ले रहीं फ्यूल चार्ज
Air India और IndiGo भी अपने यात्रियों से पहले ही फ्यूल सरचार्ज वसूल रही हैं। एयर इंडिया ने 12 मार्च से टिकट पर 399 रुपये से लेकर 90 डॉलर (करीब 8332 रुपये) तक का सरचार्ज लागू किया है। वहीं इंडिगो ने 14 मार्च से 425 रुपये से 2300 रुपये तक का फ्यूल चार्ज लेना शुरू कर दिया है।
कच्चे तेल की कीमतों का असर
हवाई जहाजों में इस्तेमाल होने वाला एटीएफ कच्चे तेल को रिफाइन करके बनाया जाता है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई हैं। इंडिगो ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया था कि International Air Transport Association (IATA) के ‘जेट फ्यूल मॉनिटर’ के अनुसार इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में 85% से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर एयरलाइंस के खर्च और संचालन पर पड़ रहा है।



