AI Bed In Hospitals: कानपुर के सरकारी अस्पताल में हाई-टेक इलाज की शुरुआत
AI स्मार्ट बेड से बदलेगा सरकारी अस्पतालों का इलाज सिस्टम मरीज की हालत बिगड़ने से पहले मिलेगा अलर्ट समय रहते इलाज, बढ़ेगी जान बचने की उम्मीद

Up news: कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े हैलट अस्पताल में अब मरीजों की निगरानी का तरीका पूरी तरह बदलने जा रहा है। यहां AI तकनीक से लैस “स्मार्ट बेड” लगाए जा रहे हैं, जो मरीज की हालत बिगड़ने से पहले ही अलर्ट दे देंगे। इसका मतलब है कि अब डॉक्टरों को इमरजेंसी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा समस्या पहले ही पकड़ में आ जाएगी।
अस्पताल में लगाए जाएंगे 30 स्मार्ट बेड
अस्पताल प्रशासन ने शुरुआत में 30 AI-स्मार्ट बेड लगाने की तैयारी कर ली है। ये बेड “मेक इन इंडिया” तकनीक पर आधारित हैं और CSR फंड से लगाए जा रहे हैं। एक बेड की कीमत करीब 5 लाख रुपये है। इन बेड्स में मैट्रेस के नीचे सेंसर लगे होते हैं, जो बिना मरीज को छुए उसकी हर गतिविधि पर नजर रखते हैं—जैसे दिल की धड़कन, सांस की रफ्तार और बॉडी मूवमेंट।
कैसे काम करेगा AI स्मार्ट बेड
इन बेड्स में इस्तेमाल होने वाली बैलिस्टोकार्डियोग्राफी तकनीक शरीर की बेहद हल्की हलचल को भी पकड़ लेती है। AI सिस्टम इन डेटा को तुरंत एनालाइज करके हार्ट रेट, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन लेवल जैसी जरूरी जानकारी देता रहता है। अगर कोई गड़बड़ी होती है तो डॉक्टर और नर्स के मोबाइल पर तुरंत अलर्ट पहुंच जाता है—वो भी कई बार 2 घंटे पहले।
‘कोड ब्लू’ से पहले ही मिल जाएगा अलर्ट
अस्पतालों में अक्सर “कोड ब्लू” जैसी इमरजेंसी अचानक आती है, जहां मरीज की जान बचाना मुश्किल हो जाता है। लेकिन अब ये स्मार्ट बेड पहले ही खतरे का संकेत दे देंगे। इससे डॉक्टरों को समय पर इलाज शुरू करने का मौका मिलेगा और मरीज की जान बचने की संभावना बढ़ जाएगी।
नर्सिंग स्टाफ को मिलेगी राहत
इन स्मार्ट बेड्स की एक खास बात ये भी है कि ये हर समय मरीज की रिपोर्ट तैयार करते रहते हैं। इससे नर्सिंग स्टाफ का काम थोड़ा आसान हो जाएगा और उन्हें हर वक्त मरीज के पास खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही मरीजों को भी बेहतर और लगातार निगरानी मिल सकेगी।
सरकारी अस्पतालों में नई शुरुआत
अभी तक ऐसी तकनीक बड़े प्राइवेट अस्पतालों में ही देखने को मिलती थी, लेकिन अब GSVM मेडिकल कॉलेज इसे अपनाकर सरकारी सिस्टम में भी नई मिसाल पेश कर रहा है। आने वाले समय में इन बेड्स को और एडवांस बनाने की भी योजना है।
मरीजों के लिए क्या बदलेगा?
इस पहल का सबसे बड़ा फायदा आम मरीजों को मिलेगा। अब गंभीर स्थिति आने से पहले ही डॉक्टरों को अलर्ट मिल जाएगा, जिससे इलाज समय पर शुरू होगा और मौत के मामलों में कमी आ सकती है। कुल मिलाकर, ये कदम सरकारी अस्पतालों में हेल्थकेयर सिस्टम को ज्यादा स्मार्ट और भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।



