बड़ी खबर: पूर्व मिस्टर यूपी का जिम में मिला फंदे से झूलता शव, पत्नी से कॉल पर हुई थी आखिरी बात.. केबिन अंदर से बंद!

आगरा, 27 सितंबर 2025: शहर के कमला नगर इलाके में शुक्रवार शाम 7 बजे एक चौंकाने वाली घटना हुई। बॉडी बिल्डिंग में 2018-19 में मिस्टर यूपी रह चुके भरत सिंघानिया (35) का शव उनके जिम के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला। जिम पहुंचे लोग तुरंत रस्सी काटकर उन्हें नीचे उतार अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जिम के अंदर केबिन बंद मिला

भरत सिंघानिया शास्त्रीपुरम के मंगलम आधार अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते थे। उनका जिम “बीस्ट फिटनेस” कमला नगर मेन मार्केट में करीब 7 साल पहले खुला था। शुक्रवार दोपहर 2 बजे वह जिम पहुंचे थे। शाम को जब लोग जिम करने आए तो उनका केबिन अंदर से बंद मिला और एसी व पंखे चालू थे। देर तक बाहर न आने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ा और फंदे से लटके भरत को देखा।

परिजनों ने साझा की बातचीत की जानकारी

पुलिस के अनुसार, भरत की पत्नी दीपशिखा के साथ शुक्रवार को 3:52 बजे फोन पर बात हुई थी। पत्नी ने बताया कि उस समय सब कुछ सामान्य लग रहा था और उन्होंने घर आने के लिए मना कर दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जिम के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर सक्रिय थे भरत

भरत सिंघानिया इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थे। उनका अकाउंट bharat_singhania.01 है, जिसमें उन्होंने 551 पोस्ट किए थे और उनके 1990 फॉलोअर्स हैं। यूट्यूब पर उनके 892 सब्सक्राइबर हैं और 162 वीडियो मौजूद हैं। 25 अगस्त को उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह जिम करते हुए दिख रहे थे और बैकग्राउंड में बोले – “मैं अपने पापा का वो बेटा नहीं, जिसके कंधों पर विरासत का बोझ हो, बल्कि घर के हालात बदलने की जिम्मेदारी है।”

पारिवारिक पृष्ठभूमि

भरत के पिता अंगद सिंह की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी थी। घर में उनकी मां और पत्नी हैं। पत्नी दीपशिखा एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के बाद परिजन और जिम में आने वाले लोग सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कदम के पीछे क्या वजह रही।

Related Articles

Back to top button