दिल्ली में बढ़ते अपराध पर ‘आप’ का भाजपा सरकार पर हमला

दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर आम आदमी पार्टी का भाजपा सरकार पर हमला नंदनगरी हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल पुलिस कमिश्नर से मिलने की मांग, ‘चार इंजन’ सरकार पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी ने देश की राजधानी दिल्ली में रोजाना हो रही हत्याओं को लेकर भाजपा की सरकार और उसकी पुलिस पर तीखा हमला बोला है। ‘‘आप’’ विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होने की वजह से रोज हत्याएं हो रही हैं। अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि नंदनगरी में अपने नाबालिग बेटे को बचाने गए पिता की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। हालात ये हो गए हैं कि अब बीच बचाव करने वाले लोगों की हत्याएं हो रही हैं और सरकार व पुलिस सो रही है। जबकि देश की राजधानी में अपराधी थर-थर कांपने चाहिए, लेकिन उल्टा हो रहा है। यहां लोग ही बदमाशों के डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

दिल्ली में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल

बुधवार को “आप” मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था भाजपा सरकार के हाथ से लगातार निकलती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि नए साल से लेकर अब तक दिल्ली में सैकड़ों हत्याएं हो चुकी हैं। एक ही दिन में छह हत्याओं की घटनाएं सामने आईं, लेकिन भाजपा की “चार इंजन” वाली सरकार अपराध रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

नंदनगरी की घटना ने बढ़ाई चिंता

कुलदीप कुमार ने कहा कि पहले जब कोई रोड रेज या झगड़े की घटना होती थी और कोई तीसरा व्यक्ति बीच-बचाव के लिए आता था, तो मामला वहीं शांत हो जाता था। लेकिन अब अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि नंदनगरी में एक नाबालिग बच्चे को बदमाश पीट रहे थे और उसे बचाने आए उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करती है।

राजधानी की छवि पर उठे सवाल

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश को “विश्व गुरु” बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एआई समिट जैसे आयोजनों की बात करती है। लेकिन जब देश की राजधानी में इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो विदेशों में क्या संदेश जाता है? उन्होंने कहा कि दिल्ली में लगातार फिरौती की घटनाएं और हत्याएं हो रही हैं। कुछ दिन पहले त्रिलोकपुरी में एक व्यक्ति को बचाने आए वकील को गोली मार दी गई थी, हालांकि उनकी जान बच गई। अब हालात ऐसे हैं कि बीच-बचाव करने वाले लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

कुलदीप कुमार ने पूछा कि दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल में “चार इंजन” वाली भाजपा सरकार ने दिल्ली का बेड़ा गर्क कर दिया है। माताएं और बहनें सुरक्षित नहीं हैं। द्वारका की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस तब सक्रिय हुई जब सोशल मीडिया पर दबाव बना। इसके बाद नाबालिग आरोपी के पिता पर एफआईआर दर्ज की गई, जबकि उससे पहले पुलिस निष्क्रिय रही। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने की मांग की।

पुलिस कमिश्नर से मिलने की मांग

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक जब दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मिलने का समय मांगते हैं, तो उन्हें समय नहीं दिया जाता। विपक्ष की भूमिका निभा रही “आप” पार्टी कानून-व्यवस्था पर चर्चा करना चाहती है। कुलदीप कुमार ने सवाल उठाया कि क्या पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा विपक्षी विधायकों से मिलने में परहेज कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि पुलिस को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।

‘चार इंजन’ सरकार पर तंज

कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में चार इंजन वाली भाजपा सरकार के चारों इंजन फेल हो चुके हैं। अपराधी खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं और गोलियां चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधियों को कानून का डर होना चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था पर तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसका संदेश पूरे देश में नकारात्मक जाएगा।

Related Articles

Back to top button