हाथरस में पत्रकार की हत्या से सनसनी, नाले में मिला शव
मकान विवाद में पत्रकार की हत्या का आरोप परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के लगाए गंभीर आरोप एफआईआर दर्ज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

Up news: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू शर्मा की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। उनका शव सहपऊ थाना क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक नाले से बरामद हुआ। वे ‘लाइट ऑफ इंडिया’ के डिजिटल चैनल एचबीएन न्यूज़ में स्थानीय रिपोर्टर के तौर पर काम कर रहे थे। हालांकि, उनके प्रेस आई-कार्ड की वैधता 30 मार्च को खत्म हो चुकी थी।
मकान विवाद बना हत्या की वजह
मृतक की बहन नीतू शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि यह हत्या संपत्ति विवाद के चलते हुई है। उनके अनुसार, करीब दो साल पहले हरीश कुमार शर्मा उर्फ कुल्लो पहलवान के बेटे कमल शर्मा और गौरव शर्मा ने वेद प्रकाश के साथ मारपीट की थी और पिछले 15 दिनों से मकान बेचने का दबाव बना रहे थे। इनकार करने पर 6 अप्रैल की रात उनकी हत्या कर दी गई।
Up news: एफआईआर दर्ज, आरोपी नामजद
पुलिस ने बहन की शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 101(1) के तहत कमल शर्मा और गौरव शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
Up news: लापता होने के बाद मिला शव
मृतक के बहनोई मुकेश शर्मा के मुताबिक, 6 अप्रैल की रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वेद घर से निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। कुछ लोगों ने बताया कि उन्हें जबरन ले जाया जा रहा था। अगले दिन सुबह करीब साढ़े 8 बजे उनके शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सोनू लंबे समय से मकान को लेकर दबाव और धमकियों का सामना कर रहे थे। उन्होंने कई बार पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने पुलिस पर मामले को नजरअंदाज करने और सुलह की गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया है।
जांच जारी, गिरफ्तारी का इंतजार
Up news: सहपऊ थाना प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। वहीं, डीएसपी अमित पाठक ने बताया कि शव की पहचान फोटो सर्कुलेशन के जरिए की गई।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर फिर हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में 2 की मौत



