दिल्ली में बिना हेलमेट ट्रैफिक पुलिसकर्मी सड़क पर नियम तोड़ते दिखे, अब कौन काटे चालान?
दिल्ली के सिविल लाइंस में ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही कैमरे में कैद खुद नियम तोड़ते दिखे जवान, आम जनता पर सख्ती जारी अब सवाल कानून सबके लिए बराबर या सिर्फ आम लोगों के लिए?

Delhi news: राजधानी दिल्ली में जहां ट्रैफिक नियमों को लेकर आम जनता पर लगातार सख्ती बढ़ाई जा रही है, वहीं कानून का पालन कराने वाले ही अगर नियम तोड़ते नजर आएं तो यह सवाल उठना लाजमी है कि सिस्टम में जवाबदेही आखिर किसकी है। नियमों की अनदेखी पर आम लोगों का चालान काटने वाली ट्रैफिक पुलिस खुद अगर लापरवाही करती दिखे, तो यह तस्वीर पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करती है।
सिविल लाइंस में सामने आया मामला
दिल्ली के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पास सोमवार शाम करीब 6:19 बजे का एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल पर बिना हेलमेट सवार नजर आए। हैरानी की बात यह है कि ये वही पुलिसकर्मी हैं जो सड़क पर लोगों को हेलमेट न पहनने पर चालान काटते हैं।
तस्वीर में कैद लापरवाही
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि दोनों जवान नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क पर घूम रहे हैं।
ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब नियम लागू कराने वाले ही उनका पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता को कैसे जागरूक किया जा सकेगा।
जवाबदेही पर उठे सवाल
यह घटना सिर्फ एक नियम उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा करती है। क्या इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी वैसी ही कार्रवाई होगी जैसी आम नागरिकों पर होती है, या फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा यह देखना बाकी है।
बराबरी के कानून पर बहस
फिलहाल यह तस्वीर सामने आने के बाद एक बार फिर यह बहस तेज हो सकती है कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए या नहीं।



