दिल्ली में नकली दवाइयों का बड़ा रैकेट पकड़ा, 6 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में नकली दवाइयों का बड़ा रैकेट पकड़ा गया 50 करोड़ के फर्जी बिल बनाकर चला रहे थे अवैध कारोबार मुजफ्फरनगर में अवैध फैक्ट्री का भी हुआ खुलासा

Delhi news: राजधानी दिल्ली में नकली दवाइयों के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 1.20 लाख नकली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं।

 

करोड़ों का फर्जी कारोबार चला रहा था गिरोह

जांच में सामने आया कि यह गिरोह फर्जी जीएसटी कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला रहा था। 11 मार्च 2026 को शाहदरा के बिहारी कॉलोनी में छापेमारी के दौरान पुलिस ने निखिल अरोड़ा उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया, जो भगीरथ पैलेस में ‘बाबा श्याम मेडिकोज’ नाम से दुकान चला रहा था।

 

गंभीर बीमारियों की नकली दवाइयां बेच रहे थे आरोपी

पुलिस को तलाशी के दौरान डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, इंफेक्शन और लीवर से जुड़ी बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली कई नामी ब्रांड की नकली दवाइयां मिलीं। ये दवाइयां अगर मरीजों तक पहुंच जातीं, तो उनकी जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती थीं।

 

50 करोड़ के फर्जी बिल बनाकर कर रहे थे खेल

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर नकली बिल तैयार करते थे, ताकि अपने असली कारोबार को छिपा सकें और टैक्स से बच सकें। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने करीब 50 करोड़ रुपये के फर्जी बिल तैयार किए थे।

 

मुजफ्फरनगर में चल रही थी अवैध फैक्ट्री

पुलिस की आगे की कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक अवैध दवा फैक्ट्री का भी खुलासा हुआ। यहां से करीब 2000 किलो कच्चा माल, दवा बनाने की मशीनें और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button