IPL 2026 के बीच दुखद खबर: मुंबई के होटल में ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की मौत
IPL कवरेज के बीच ब्रिटिश इंजीनियर इयान लैंगफोर्ड का निधन मैच के बाद होटल रूम में मिले मृत, पुलिस जांच में जुटी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, मौत की वजह अब भी रहस्य

आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच एक दुखद खबर सामने आई है, जिसने क्रिकेट फैंस और ब्रॉडक्शन टीम को झकझोर कर रख दिया है। मुंबई के एक होटल में IPL से जुड़े एक विदेशी ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की मौत हो गई है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
ब्रिटिश इंजीनियर इयान लैंगफोर्ड की मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है, जो BCCI के साथ IPL मैचों के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे। वह 24 मार्च से मुंबई के ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और IPL कवरेज के काम में लगे थे।
मैच के बाद कमरे में गए, फिर नहीं मिला कोई जवाब
29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच के बाद इयान अपने होटल रूम (नंबर 2715) में लौटे थे। अगले दिन 30 मार्च को जब होटल स्टाफ ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा खोलते ही सामने आया चौंकाने वाला दृश्य
जब कई बार कॉल करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल स्टाफ मास्टर चाबी से कमरे में पहुंचा। अंदर इयान फर्श पर गिरे हुए मिले। तुरंत होटल के डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



