सोना-चांदी में बड़ा उलटफेर: ग्लोबल बाजार में उछाल, भारत में कीमतें हुईं सस्ती
रातों-रात COMEX पर 3% तक उछले दाम दिल्ली समेत कई शहरों में सोना-चांदी हुआ सस्ता सोमवार को भारतीय बाजार में दिख सकता है बड़ा असर

शनिवार को सर्राफा बाजार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। जहां शुक्रवार तक सोने-चांदी की कीमतों में नरमी देखी जा रही थी, वहीं रातों-रात अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमतों में जबरदस्त उछाल आ गया।
ग्लोबल मार्केट में तेज उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में करीब 3 फीसदी तक की तेजी देखी गई। सोना 113 डॉलर से ज्यादा बढ़कर 4,489 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी भी तेजी के साथ 69 डॉलर प्रति औंस के पार चली गई।विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ग्लोबल संकेतों की वजह से निवेशकों ने फिर से खरीदारी शुरू की, जिससे यह तेजी आई।
दिल्ली में सस्ता हुआ सोना-चांदी
ग्लोबल मार्केट में तेजी के बावजूद दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी सस्ते हो गए। 24 कैरेट सोना ₹1,900 गिरकर ₹1,47,800 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी में भारी गिरावट, ₹11,250 टूटकर ₹2.30 लाख प्रति किलो रह गई।
अलग-अलग शहरों में क्या हैं दाम
देश के अलग-अलग शहरों में कीमतों में थोड़ा फर्क देखने को मिल रहा है। चेन्नई में सोना सबसे महंगा, करीब ₹1,49,000 प्रति 10 ग्राम, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे शहरों में ₹1,48,000 के आसपास, चांदी चेन्नई और हैदराबाद में ₹2.50 लाख प्रति किलो तक, बाकी शहरों में करीब ₹2.45 लाख प्रति किलो।
MCX पर क्या रहा हाल
घरेलू वायदा बाजार (MCX) में शुक्रवार को सोने में हल्की तेजी और चांदी में मामूली गिरावट देखी गई। लेकिन ग्लोबल तेजी के बाद सोमवार को भारतीय बाजार में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
आगे क्या कह रहे एक्सपर्ट
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तेल की कीमतों में गिरावट के चलते निवेशकों ने निचले स्तर पर खरीदारी की, जिससे सोने में तेजी आई। अब बाजार की नजर अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों पर है। अगर संकेत सकारात्मक रहे, तो सोने-चांदी की कीमतों में तेजी जारी रह सकती है।



