AC खरीदना पड़ेगा महंगा! गर्मी से पहले ही बढ़ सकते हैं दाम

LPG की कमी से AC इंडस्ट्री पर पड़ा असर कंपनियों की लागत बढ़ी, ग्राहकों पर पड़ेगा सीधा बोझ 10% तक महंगे हो चुके AC, आगे और बढ़ सकते हैं दाम

गर्मी शुरू होने से पहले ही आम लोगों को बड़ा झटका लग सकता है। इस बार एयर कंडीशनर (AC) खरीदना पहले से ज्यादा महंगा पड़ सकता है। इसकी वजह LPG (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) की कमी है, जिससे AC बनाने वाली कंपनियां परेशानी में हैं।

 

LPG की कमी से क्यों बढ़ी परेशानी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और सप्लाई चेन में रुकावट के कारण LPG की उपलब्धता कम हो गई है। सरकार ने घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दी है, जिससे इंडस्ट्री के लिए LPG की सप्लाई घट गई है। AC बनाने में LPG का इस्तेमाल ब्रेजिंग जैसे जरूरी प्रोसेस में होता है। ऐसे में इसकी कमी सीधे उत्पादन पर असर डाल रही है।

 

कंपनियों ने निकाला महंगा विकल्प

LPG की कमी के चलते कई कंपनियों ने अब ऑक्सी-एसिटिलीन गैस का इस्तेमाल शुरू किया है। लेकिन यह विकल्प सस्ता नहीं है और इसकी सप्लाई भी आयात पर निर्भर करती है। ऐसे में लागत और बढ़ रही है।

 

AC की कीमतों में पहले ही बढ़ोतरी

बढ़ती लागत का असर अब बाजार में दिखने लगा है। कई कंपनियां AC के दाम 5% से 10% तक बढ़ा चुकी हैं। कुछ बड़े ब्रांड्स ने कीमतों में 10% तक इजाफा किया है, जबकि दूसरे प्रोडक्ट्स भी महंगे हुए हैं। जनवरी 2026 से ही कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है।

 

डिमांड पर भी असर

पिछले साल कमजोर गर्मी और इस साल उत्तर भारत में बेमौसम बारिश के कारण AC की डिमांड भी प्रभावित हुई है। ऐसे में कंपनियां एक साथ दो समस्याओं का सामना कर रही हैं कम मांग और बढ़ती लागत। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में AC की कीमतें 8% से 14% तक और बढ़ सकती हैं। हालांकि, कंपनियों को उम्मीद है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, बिक्री में सुधार होगा।

Related Articles

Back to top button