दिल्ली में हाई टेंशन तार बना मौत का कारण, निर्माण कार्य के दौरान मजदूर की गई जान
हाई टेंशन तार की चपेट में आए दो मजदूर निर्माण कार्य के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा एक की मौत, दूसरा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा

Delhi news: दिल्ली के कपासहेड़ा इलाके में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना करीब ढाई बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दोनों शख्स एक मकान के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति नीचे से बांस ऊपर दे रहा था, जबकि दूसरा ऊपर काम कर रहा था।
बांस हाई टेंशन तार से टकराया
इसी दौरान बांस ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तार से छू गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। करंट लगते ही दोनों को जोरदार झटका लगा और वे गिर पड़े।
अस्पताल में एक की मौत, दूसरा घायल
घटना के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 45 साल के राजकुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, 32 साल का झूलन गंभीर हालत में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्राइम टीम के साथ मिलकर पूरे हादसे की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।



