यूपी एटीएस ने 19 साल के ISIS आतंकी को मुरादाबाद से पकड़ा
बीडीएस के छात्र हारिस ने इंस्टाग्राम और अन्य एप्स पर ग्रुप बनाकर लोगों को ISIS से जोड़ा। वह भारत में शरिया आधारित खिलाफत स्थापित करने और फिदायीन हमलों की योजना बना रहा था। आरोपी को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जांच जारी है।

उत्तर प्रदेश एंटी टेरर स्कॉड (यूपी एटीएस) ने 19 साल के एक ISIS से जुड़े आतंकी को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी बीडीएस के दूसरे साल का छात्र है और वह पाकिस्तान समेत अन्य देशों में बैठे ISIS हैंडलरों से संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम और अन्य एप्स के जरिए ग्रुप बनाकर लोगों की भर्ती करता था और उन्हें ISIS की सामग्री और आतंकवादी जानकारी साझा करता था।
शरिया आधारित खिलाफत की योजना
आरोपी लोगों को ISIS की जिहादी विचारधारा से जोड़कर भारत में शरिया आधारित खिलाफत स्थापित करना चाहता था। इसके लिए उसने सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ा और ISIS की प्रचार सामग्री, सैद्धांतिक विचार और निर्देश साझा किए। हारिस अपने नेटवर्क के जरिए भारत में बड़ी आतंकी साजिशों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था।
सोशल मीडिया पर सक्रिय
हारिस ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग नाम और VPN के जरिए ISIS समर्थित ग्रुप बनाए थे। वह ISIS की मीडिया चैनलों और मैगजीन “दबिक” की सामग्री शेयर करता था। इसके अलावा उसने अपना ग्रुप “अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन” भी बनाया था। हारिस का नेटवर्क भारत और विदेशों के ISIS हैंडलरों से जुड़ा हुआ था।
लोकतांत्रिक व्यवस्था को मान्यता नहीं
हारिस ने लोकतंत्र को मान्यता नहीं दी और शरिया कानून लागू कर खिलाफत व्यवस्था स्थापित करने की योजना बनाई। वह ग्रुप्स के लोगों को फिदायीन हमलों के लिए भी प्रेरित कर रहा था। आरोपी को अब न्यायालय में पेश किया गया है और उससे जुड़े अन्य लोगों की जांच भी जारी है।



