दिल्ली के उत्तम नगर में भीषण आग, 300 से 400 झुग्गियां जलकर खाक

दिल्ली के उत्तम नगर में देर रात झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग मटियाला गांव के मछली मार्केट से फैली आग में 300-400 झुग्गियां जलकर खाक दमकल की 23 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

New delhi: राजधानी दिल्ली से एक दुखद खबर सामने आई है। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार रात झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 300 से 400 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। राहत की बात यह है कि अब तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि बड़ी संख्या में लोगों का सामान और घर पूरी तरह नष्ट हो गया।

 

रात करीब 11:50 बजे मिली आग की सूचना

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 23 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग काफी बड़ी थी, इसलिए दमकल कर्मियों को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

 

मटियाला गांव के मछली मार्केट से फैली आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह आग उत्तम नगर के मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट इलाके में लगी थी। देखते ही देखते आग आसपास की झुग्गियों तक फैल गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में सैकड़ों झुग्गियां जल गईं।

 

घटनास्थल पर दिखा तबाही का मंजर

गुरुवार सुबह जब हालात सामान्य हुए तो घटनास्थल से तबाही के भयावह दृश्य सामने आए। कई परिवारों के घर और सामान पूरी तरह राख हो चुके थे। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के मुताबिक आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button