दिल्ली में होली पर ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन, 1,200 से ज्यादा ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले दर्ज
होली पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान नशे में गाड़ी चलाने वाले 1,204 ड्राइवरों पर कार्रवाई कुल 3,700 से ज्यादा चालान, कई जगह सघन चेकिंग

Delhi news: देश की राजधानी दिल्ली में होली के मौके पर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। होली के दिन चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 1,204 वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों में सबसे ज्यादा मामले पश्चिमी दिल्ली से सामने आए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। जारी आंकड़ों के अनुसार ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों का क्षेत्रवार आंकड़ा इस प्रकार रहा: पश्चिमी क्षेत्र – 297 (सबसे ज्यादा), मध्य क्षेत्र – 257, उत्तरी क्षेत्र – 256, पूर्वी क्षेत्र – 208, दक्षिणी क्षेत्र – 117 नई दिल्ली क्षेत्र – 69 (सबसे कम), 3,700 से ज्यादा चालान जारी। ट्रैफिक पुलिस ने केवल शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर ही नहीं, बल्कि अन्य यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 3,725 चालान काटे गए। इनमें मुख्य रूप से बिना हेलमेट दोपहिया चलाना, बाइक पर तीन सवारी बैठाना, सीट बेल्ट न लगाना और खतरनाक तरीके से वाहन चलाना जैसे उल्लंघन शामिल रहे।
700 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे तैनात
होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में ही 700 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इसके अलावा दो कंपनियां पैरामिलिट्री फोर्स की भी लगाई गई थीं। पुलिस ने पूरे इलाके पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया, ताकि किसी भी तरह की हुड़दंग या नियम उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।



