होली, रमजान और ईद से पहले सीतापुर में पुलिस का रूट मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
होली, रमजान और ईद से पहले सीतापुर में फ्लैग मार्च आईजी किरण एस और डीएम ने संभाली कमान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार (1 मार्च) को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। यह रूट मार्च पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस की अगुवाई में हुआ। उनके साथ जिलाधिकारी डॉ. राजगणपति आर भी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि होली, रमजान और ईद के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों से भाईचारे और सहयोग के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
व्यापारियों और धर्मगुरुओं से बातचीत
यह रूट मार्च थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला कजियारा में पुलिस बल के साथ निकाला गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस और जिला प्रशासन अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और धर्मगुरुओं से मुलाकात की। अधिकारियों ने सभी से आपसी सम्मान, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



