J/k news: LoC पर फिर दिखा संदिग्ध ड्रोन, पुंछ में सेना ने चलाया सर्च ऑपरेशन

LoC पर फिर दिखा संदिग्ध ड्रोन, सेना अलर्ट फायरिंग के बाद पीछे हटा ड्रोन, सर्च ऑपरेशन जारी पुंछ में IED और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

J/k news: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक बार फिर लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर संदिग्ध ड्रोन की हलचल देखी गई है। शुक्रवार को गुलपुर बेल्ट के आगे के इलाकों में ड्रोन मूवमेंट का इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बल तुरंत अलर्ट हो गए और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध हवाई गतिविधि नजर आने पर जवानों ने एहतियातन कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग के बाद वह संदिग्ध वस्तु LoC पार कर वापस लौट गई। हालांकि, सेना की टीमें अब भी इलाके में तैनात हैं और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

 

पुंछ में पहले भी बरामद हुआ हथियारों का जखीरा

इसी बीच बुधवार को सुरक्षा बलों को पुंछ के एक सीमावर्ती गांव में बड़ी सफलता मिली। मेंढर क्षेत्र के सैलानी कसबलारी गांव में सेना और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक गुफा में छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया।बरामद सामान में दो IED (एक 4.5 किलो और दूसरा 800 ग्राम), दो चीनी हथगोले, 9 एमएम की पिस्तौल, 9 एमएम के दो कारतूस और 7.62 एमएम के 22 कारतूस शामिल हैं।

 

व्हाइट नाइट कोर ने दी जानकारी

सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यह कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। सेना और SOG की संयुक्त टीम ने गनी वन क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें यह विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए। फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Back to top button