उत्तर प्रदेश: उन्नाव में क्रिकेट अंपायर की मधुमक्खी हमले में मौत

उन्नाव में अंडर-13 क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों का हमला वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की मौत, 15-20 घायल परिवार में मातम, छोटी बेटी समृद्धि ने दी मुखाग्नि

Up news: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को शुक्लागंज के सप्रू स्टेडियम में चल रहे अंडर-13 क्रिकेट लीग मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा। इस हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की मौत हो गई, जबकि 15-20 खिलाड़ी, दूसरा अंपायर और ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए। मैदान की बाउंड्री वॉल के पास लगे बरगद के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था, और सुबह से ही वे मंडरा रही थीं।

 

10 मिनट में 50 से ज्यादा डंक

मैच के दौरान, खासकर ड्रिंक ब्रेक के समय, पूरा मधुमक्खियों का झुंड मैदान पर टूट पड़ा। खिलाड़ी और स्टाफ इधर-उधर भागने लगे; कुछ जमीन पर लेट गए, कुछ बाथरूम में छिप गए। मानिक गुप्ता मैदान के पास बैठे थे। बचने की कोशिश में गिरने के बाद 50 से ज्यादा मधुमक्खियों ने उन्हें घेर लिया और करीब 10 मिनट तक लगातार डंक मारे। उम्र अधिक और हृदय रोग की वजह से उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ गई। सह-अंपायर और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मधुमक्खियों ने तीन बार हमला किया। पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू ने मानिक गुप्ता को अपनी कार से शुक्लागंज के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।

 

परिवार में मातम, बेटी ने दी मुखाग्नि

मानिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना इलाके के निवासी थे और 30 साल से KCA से जुड़े थे। उनके पीछे पत्नी और चार बेटियां हैं – प्रियंका, दीपिका, श्वेता और छोटी बेटी समृद्धि। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार पर छोटी बेटी समृद्धि ने पिता का चेहरा बार-बार पोंछा और बिलखते हुए मुखाग्नि दी। KCA के अध्यक्ष एस. एन. सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

Related Articles

Back to top button