मथुरा में दर्दनाक हादसा: कार नहर में गिरी, चार युवकों की मौत
मथुरा में तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, चार युवकों की दर्दनाक मौत शादी में शामिल होने जा रहे थे युवक, तीन एक ही परिवार के ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव ने ली जान

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई और पानी में डूब गई। हादसा मगोर्रा थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक महावन थाना इलाके के रहने वाले थे और राजस्थान के डीग में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मृतकों में तीन युवक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
डिवाइडर से टकराकर गोवर्धन ड्रेन में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी और मगोर्रा क्षेत्र के नगला देविया गांव के पास मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार गोवर्धन ड्रेन (नहर) में जा गिरी। उस समय ड्रेन में पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे पूरी कार कुछ ही पलों में पानी में डूब गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद ही युवकों को बचाने के लिए नहर में उतर गए। हालांकि पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कत आई। करीब पौना घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चारों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में ट्रैक्टर और रस्सी की मदद से कार को भी नहर से बाहर निकाला गया।
एसपी देहात ने दी जानकारी
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि महावन थाना क्षेत्र के गांव बलदेवगढ़ निवासी राहुल, अमित और मोहित अपने एक अन्य साथी के साथ रात करीब आठ बजे डीग की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण कार मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और नहर में गिर गई। पास में स्थित एक शराब दुकान के सेल्समैन और आसपास के लोगों ने हादसा देखा और शोर मचाया। एक व्यक्ति ने नहर में कूदने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह ज्यादा देर तक पानी में नहीं रह सका।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। राहुल वर्मा, निवासी बलदेवगढ़, महावन, अमित और मोहित, निवासी प्रेमनगर कलां, महावन, अमित और मोहित छात्र थे, जबकि राहुल सिलाई का काम करता था। चौथे युवक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।



