ऑपरेशन प्रहार-2: 72 घंटों में 8,278 ठिकानों पर छापे, 3,260 गिरफ्तार

72 घंटे में 8,278 ठिकानों पर छापेमारी, 3,260 गिरफ्तार 47 हथियार और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद ‘गैंगस्टरां ते वार’ और ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ मुहिम तेज

चंडीगढ़, 11 फरवरी  मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू की गई ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के तहत ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के दौरान पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले 72 घंटों में वांछित अपराधियों से जुड़े 8,278 ठिकानों पर छापेमारी की गई।

12,000 पुलिसकर्मियों की 2,000 से अधिक टीमें तैनात

डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को 72 घंटे का विशेष ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ शुरू किया था। इस अभियान में 12,000 कर्मचारियों वाली 2,000 से अधिक पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। पंजाब पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्रवाई की निगरानी की। डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब पूरी तरह गैंगस्टर मुक्त नहीं हो जाता।

7,498 हिरासत में, 3,260 गिरफ्तार; हथियार और नशीले पदार्थ बरामद

स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि तीन दिनों में 7,498 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 3,260 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 135 फरार अपराधी (पीओ) भी शामिल हैं। पुलिस ने 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके अलावा 1,450 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया, जबकि 2,788 को जांच के बाद रिहा किया गया।

एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन और नशा विरोधी मुहिम जारी

लोग गुप्त रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर वांछित अपराधियों या आपराधिक गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं। इसी दौरान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ मुहिम के 347वें दिन 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 11.9 किलोग्राम हेरोइन, 344 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। अब तक 347 दिनों में 49,129 नशा तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही 14 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास के लिए राजी किया गया है।

Related Articles

Back to top button