RCB को मिली बड़ी राहत, चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलेगी होम मैच

RCB को IPL 2026 से पहले बड़ी राहत चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही होंगे होम मैच 35,000 दर्शकों की सीमा, सुरक्षा पर सख्ती

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शेड्यूल का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी तक आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए सीजन से पहले एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। 12 फरवरी को कर्नाटक सरकार की कैबिनेट बैठक के बाद आरसीबी को अपने होम मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने की मंजूरी दे दी गई है। हालांकि सरकार ने कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी है।

IPL 2026: वैकल्पिक वेन्यू की तलाश में थी RCB

चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर अनिश्चितता के चलते आरसीबी फ्रेंचाइजी ने अपने होम मैचों के लिए दूसरे विकल्प भी तलाशने शुरू कर दिए थे। टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को शॉर्टलिस्ट किया था। हालांकि इनमें से कोई भी वेन्यू फाइनल नहीं हो पाया। ऐसे में बेंगलुरु में मैच खेलने की मंजूरी मिलना टीम और फैंस दोनों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्नाटक क्रिकेट संघ के नए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने पद संभालने के बाद से ही आईपीएल और इंटरनेशनल मैचों की बेंगलुरु में वापसी को लेकर प्रयास तेज कर दिए थे। कैबिनेट बैठक से पहले भी उन्होंने सकारात्मक संकेत दिए थे।

सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता

IPL 2026: कर्नाटक सरकार ने साफ किया है कि मैचों के आयोजन में सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। राज्य के मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने बताया कि कैबिनेट ने ‘कुन्हा रिपोर्ट’ के आधार पर कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक स्टेडियम में अधिकतम 35,000 दर्शकों को ही प्रवेश दिया जाएगा और अन्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। अब माना जा रहा है कि बीसीसीआई अगले कुछ दिनों में IPL 2026 के पूरे शेड्यूल का ऐलान कर सकती है, जिसके बाद फैंस का इंतजार खत्म होगा।

 

Related Articles

Back to top button