भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पंजाब में सियासी घमासान, धालीवाल का जाखड़ पर तीखा हमला

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सियासी घमासान किसानों के हित बनाम फ्री ट्रेड समझौता जाखड़ पर ‘आप’ का सीधा राजनीतिक हमला

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील की वकालत कर रहे पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस समझौते को किसानों के साथ ‘सबसे बड़ी गद्दारी’ बताते हुए जाखड़ को चुनौती दी कि वे मीडिया में बयान देने के बजाय इस डील का असली ड्राफ्ट सार्वजनिक करें, ताकि देश को सच्चाई पता चल सके।

टैरिफ को लेकर उठाए सवाल

प्रेस कांफ्रेंस में ‘आप’ नेता प्रभवीर बराड़ के साथ बोलते हुए धालीवाल ने दावा किया कि ट्रंप सरकार ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जबकि मोदी सरकार ने अमेरिकी वस्तुओं पर टैक्स 7.7 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अमेरिकी किसान भारत में बिना टैक्स के माल बेचेगा और भारतीय किसान को अमेरिका में 18 प्रतिशत टैक्स देना पड़ेगा, तो यह बराबरी का सौदा कैसे कहा जा सकता है।

किसानों पर असर की चेतावनी

धालीवाल ने चेतावनी दी कि इस डील के कारण अमेरिकी ‘लाल ज्वार’ भारतीय मंडियों में भर जाएगा, जिससे पंजाब, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के मक्का, बाजरा और ज्वार उत्पादक किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि जीरो टैरिफ का असर कश्मीर और हिमाचल के सेब, बादाम और अखरोट उत्पादकों पर भी पड़ेगा और वे आर्थिक संकट में आ सकते हैं।

सुनील जाखड़ पर राजनीतिक हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर तंज कसते हुए धालीवाल ने कहा कि जाखड़ आज उसी तरह इस डील की वकालत कर रहे हैं, जैसे कभी अकाली दल तीन कृषि कानूनों की करता था। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के खिलाफ खड़े होने वालों का राजनीतिक हश्र सबके सामने है। धालीवाल ने जाखड़ के कांग्रेस और भाजपा दोनों दौर का जिक्र करते हुए उन पर सत्ता के साथ खड़े रहने का आरोप लगाया।

सरकार से पारदर्शिता की मांग

‘आप’ प्रवक्ता ने कहा कि अब तक इस डील की जानकारी केवल विदेशी बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट से मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने न तो संसद में इस पर विस्तृत जानकारी दी और न ही देश को भरोसे में लिया। धालीवाल ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ किसानों का नहीं, बल्कि पूरे देश के हित से जुड़ा है, और उनकी पार्टी इस मुद्दे पर भाजपा को लगातार घेरती रहेगी।

Related Articles

Back to top button