Up news: रायबरेली में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत, 5 घायल

रायबरेली में तेज रफ्तार कार ने 9 लोगों को मारी टक्कर हादसे में 4 लोगों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल पुलिस और प्रशासन ने अस्पताल में घायलों का हाल जाना

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक तेज रफ्तार कार ने नौ लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

 

हादसे का पूरा मामला

मृतक और घायलों का परिवार चुली गांव में आयोजित तेरहवीं भोज से लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक, रास्ते में कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर ही हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने दम तोड़ दिया। अब भी रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22), रेशमा (14) का इलाज जारी है।

 

कार चालक फरार

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।

 

नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया

जिला अस्पताल में इलाजरत घायलों का हाल जानने भाजपा विधायक मनोज कुमार पांडे और कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी भी पहुंचे। विधायक पांडे ने कहा कि यह हादसा बेहद दुःखद और दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन घायलों के बेहतर इलाज में पूरी मदद कर रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने सरकार से मृतकों और घायलों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह लोग गरीब और पिछड़े वर्ग से हैं, इसलिए प्रशासन को उनके इलाज में कोई कमी नहीं आने देनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button