शहीद दिवस: महात्मा गांधी को देश ने किया नमन, पीएम मोदी और सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
शहीद दिवस पर देश ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को किया नमन पीएम मोदी और सीएम योगी ने बापू के आदर्शों को किया याद स्वदेशी, अहिंसा और आत्मनिर्भर भारत का दिया संदेश

Pm modi: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि आज शुक्रवार को पूरे देश में शहीद दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने बापू के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में महात्मा गांधी के स्वदेशी के विचार को विकसित भारत की नींव बताया। उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। पूज्य बापू का स्वदेशी पर बल विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का आधारस्तंभ है। उनका जीवन और विचार देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।” पीएम मोदी ने कहा कि बापू का स्वदेशी आंदोलन आज भी आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करता है।
सीएम योगी ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘X’ पर पोस्ट कर कहा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की साधना और मानवता के प्रति उनकी करुणा पूरी दुनिया को सदैव प्रेरित करती रहेगी। आइए, उनके आदर्शों को अपनाकर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।” गौरतलब है कि महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से हर साल इस दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है और देश उनकी शहादत को नमन करता है।
आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा हैं गांधी
महात्मा गांधी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। सत्य और अहिंसा उनके जीवन का मूल मंत्र था। उन्होंने लंदन से वकालत की पढ़ाई की और दक्षिण अफ्रीका में रहकर अन्याय के खिलाफ सत्याग्रह की शुरुआत की। भारत लौटने के बाद गांधी जी ने असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों का नेतृत्व किया। अहिंसा को हथियार बनाकर उन्होंने अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया। गरीबों, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए उनकी लड़ाई आज भी प्रेरणास्रोत है। उनका अहिंसा और सत्य का संदेश आज भी पूरी दुनिया को राह दिखा रहा है।



