अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, टिशू पेपर पर मिली बम और हाईजैक की धमकी

कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट की अहमदाबाद में आपातकालीन लैंडिंग टिशू पेपर पर बम और हाईजैक की धमकी मिलने से मचा हड़कंप 180 यात्रियों और उनके सामान की एयरपोर्ट पर गहन जांच जारी

Indigo news: इस वक्त की बड़ी खबर गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट से सामने आ रही है। कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान के अंदर एक टिशू पेपर पर बम से उड़ाने और फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी लिखी हुई मिली थी। धमकी भरा नोट मिलने के बाद विमान में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने तुरंत अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया।

 

180 यात्रियों और सामान की हो रही गहन जांच

जानकारी के मुताबिक फ्लाइट में कुल 180 यात्री सवार थे। विमान के सुरक्षित लैंड होते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सभी यात्रियों को विमान से उतारकर उनकी पहचान और सामान की बारीकी से जांच की जा रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए हर यात्री की अलग-अलग जांच की जा रही है।

 

टिशू पेपर पर लिखी मिली थी धमकी

सूत्रों ने बताया कि फ्लाइट के अंदर एक टिशू पेपर पर धमकी भरा नोट मिला था, जिसमें विमान को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की बात लिखी थी। इसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई और फ्लाइट को आइसोलेट कर दिया गया।

 

22 जनवरी को भी सामने आई थी ऐसी ही घटना

गौरतलब है कि 22 जनवरी को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली थी। दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-2608 को पुणे एयरपोर्ट पर उतरने के बाद धमकी की सूचना मिली थी। हालांकि उस मामले में गहन तलाशी के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। उस दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने बम धमकी की जानकारी दी थी, जिसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सभी एजेंसियों को अलर्ट किया गया था। फिलहाल अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button