फतेहगढ़ साहिब में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाका, मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त

फतेहगढ़ साहिब में फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन पर संदिग्ध धमाका मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त, लोको पायलट घायल DIG नानक सिंह बोले– आतंकी घटना कहना अभी जल्दबाजी

फतेहगढ़ साहिब: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में सरहिंद क्षेत्र की फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन पर देर रात एक संदिग्ध धमाके की घटना सामने आई है। यह घटना रात करीब 11 बजे हुई, जब एक मालगाड़ी इस रूट से गुजर रही थी। धमाके के कारण रेलवे ट्रैक का करीब 12 फीट हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मालगाड़ी का इंजन भी नुकसान की चपेट में आ गया। हादसे में लोको पायलट घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

कैसे हुआ धमाका?

जानकारी के मुताबिक, यह नई रेलवे लाइन विशेष रूप से मालगाड़ियों के संचालन के लिए बनाई गई है। जैसे ही मालगाड़ी खानपुर फाटकों के पास पहुंची, अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षित किया गया।

 

आतंकी घटना से फिलहाल इनकार

DIG रोपड़ रेंज नानक सिंह ने फिलहाल इस घटना को आतंकवादी कृत्य मानने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह एक शरारत का मामला लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

 

DIG नानक सिंह का बयान

DIG नानक सिंह ने बताया, “हमें रात के समय सूचना मिली थी कि यहां एक माइनर ब्लास्ट हुआ है। इसे अभी आतंकी घटना कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं। आंतरिक जांच चल रही है और अन्य जांच एजेंसियों से भी समन्वय किया जा रहा है। स्पेशल टीमें वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही हैं। जो भी इसके पीछे होगा, उसे जल्द पकड़ा जाएगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में न तो कोई जनहानि हुई है और न ही रेलवे संपत्ति को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा है। ट्रैक को मामूली क्षति हुई है और जांच अभी शुरुआती चरण में है।

 

जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद रेलवे ट्रैक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button