बिहार चुनाव से पहले जन सुराज को झटका, भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने दिया इस्तीफा

जन सुराज पार्टी को बिहार में बड़ा राजनीतिक झटका भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने पार्टी से दिया इस्तीफा करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर झेलनी पड़ी हार

बिहार में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी में शामिल हुए मशहूर भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने अब जन सुराज से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

 

लोकतंत्र में भाग लिया, हार का अफसोस नहीं

रितेश पांडेय ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक होने के नाते उन्होंने जन सुराज के साथ जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। चुनावी नतीजे उनके पक्ष में नहीं आए, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है।

 

राजनीतिक सक्रियता में मुश्किल, इसलिए छोड़ी पार्टी

इस्तीफे की वजह बताते हुए रितेश पांडेय ने कहा कि अब वह उसी माध्यम से जनता की सेवा जारी रखना चाहते हैं, जिसके जरिए लोगों ने उन्हें पहचान और सम्मान दिया। उन्होंने लिखा कि किसी राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य रहते हुए यह काम करना मुश्किल हो जाता है, इसलिए उन्होंने जन सुराज पार्टी की सदस्यता छोड़ने का फैसला लिया।

 

करगहर सीट से चुनाव लड़े, मिली हार

गौरतलब है कि रितेश पांडेय ने रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान वह कई जगहों पर प्रशांत किशोर के साथ नजर आए। हालांकि, नतीजों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। रितेश पांडेय को 16,298 वोट मिले, जबकि जेडीयू उम्मीदवार वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं, बीएसपी प्रत्याशी उदय प्रताप सिंह को 56,809 वोट मिले।

Related Articles

Back to top button