अयोध्या राम मंदिर की सुरक्षा में सेंध, एक शख्स हिरासत में

राम मंदिर परिसर में सुरक्षा में बड़ी चूक, संदिग्ध शख्स हिरासत में कश्मीर निवासी आरोपी से IB की स्पेशल टीम कर रही पूछताछ अयोध्या में नॉन-वेज डिलीवरी पर प्रशासन ने लगाई सख्त रोक

Uttar Pradesh: अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, एक शख्स ने मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी राम मंदिर के गेट D1 से परिसर में दाखिल हुआ था। दर्शन करने के बाद वह सीता रसोई के पास दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में नमाज अदा करने की कोशिश कर रहा था। जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका, तो उसने कथित तौर पर एक संप्रदाय विशेष से जुड़े नारे लगाए। सुरक्षा एजेंसियों की तलाशी में आरोपी के पास से 2700 रुपये नकद, कुछ ड्राई फ्रूट्स और एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें कई फोन नंबर दर्ज हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की स्पेशल टीम उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही कश्मीर पुलिस से भी आरोपी के बारे में जानकारी मांगी गई है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना आज सुबह की है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी मंदिर परिसर में क्यों आया था और उसके इरादे क्या थे। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच जारी है।

 

कश्मीर का रहने वाला है आरोपी

जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिया गया शख्स जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का रहने वाला है। आरोपी का नाम अहमद शेख बताया जा रहा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां उसके बैकग्राउंड, संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं।

 

अयोध्या में नॉन-वेज डिलीवरी पर सख्ती

इस बीच, अयोध्या प्रशासन ने राम मंदिर की संवेदनशीलता को देखते हुए एक अहम फैसला लिया है। मंदिर के 15 किलोमीटर के दायरे में नॉन-वेज खाने की ऑनलाइन डिलीवरी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अयोध्या के असिस्टेंट फूड कमिश्नर मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतें मिल रही थीं कि पहले से प्रतिबंध के बावजूद कुछ फूड डिलीवरी कंपनियां पांच कोसी परिक्रमा क्षेत्र में नॉन-वेज खाना सप्लाई कर रही थीं। इसके बाद ऑनलाइन डिलीवरी पर भी बैन लगाने का फैसला लिया गया।इसके साथ ही अयोध्या के होटल और होमस्टे संचालकों को भी चेतावनी दी गई है कि अगर वे नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button