सिरमौर में दर्दनाक बस हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी प्राइवेट बस
शिमला से कुपवी जा रही बस हरिपुरधार के पास हादसे का शिकार हादसे में 8 लोगों की मौत, 5 घायल, मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका बस में थे 30–35 यात्री, राहत और बचाव कार्य जारी

Bus accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, यह प्राइवेट बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी। सिरमौर जिले के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार इलाके में, हरिपुरधार बाजार से ठीक पहले बस अचानक सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। बस ‘जीत कोच’ कंपनी की बताई जा रही है और उसमें क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसा इतना भयानक था कि बस के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को बस से बाहर निकाला गया। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। पुलिस और अन्य राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।



