जम्मू-कश्मीर: कठुआ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, तीन आतंकी घेरे में

कठुआ के बिलावर इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी तीन आतंकियों के घेरे में होने की सूचना, इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात आईजी जम्मू और एसएसपी कठुआ खुद कर रहे ऑपरेशन की निगरानी

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह मुठभेड़ बिलावर क्षेत्र के कमाद नाला इलाके में चल रही है। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

 

स्थानीय लोगों ने दी थी आतंकी की सूचना

सूत्रों के अनुसार, शाम करीब चार बजे बिलावर थाना क्षेत्र के कमाध नाला में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध आतंकी को देखा था। बताया जा रहा है कि यह वही आतंकी हो सकता है, जिसे आज सुबह धन्नू पैरोल इलाके में देखा गया था। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके में अतिरिक्त बल भेजकर घेराबंदी और सख्त कर दी।

 

दोनों ओर से फायरिंग जारी, आईजी कर रहे निगरानी

सूत्रों के मुताबिक, इस समय तीन आतंकियों के घेरे में होने की आशंका है। आईजी जम्मू भीम सेन टूटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुठभेड़ की पुष्टि की है। यह साल 2026 की पहली आतंकी मुठभेड़ और पहला बड़ा सुरक्षा ऑपरेशन बताया जा रहा है। ऑपरेशन की निगरानी खुद आईजी जम्मू और एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा कर रहे हैं। फिलहाल दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।

 

चारों तरफ से घिरे आतंकी, तलाशी अभियान तेज

सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया है और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

 

हाल ही में बारामूला में भी नष्ट किया गया था आतंकी ठिकाना

गौरतलब है कि इससे पहले बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी ठिकाने को नष्ट किया था। शनिवार को शेरी क्षेत्र के सुचलीवरन जंगल में तलाशी अभियान के दौरान इस ठिकाने का पता चला था, जहां से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया था।

Related Articles

Back to top button