देवरिया जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, गोरखपुर रेफर
हार्ट अटैक की आशंका बरकरार डॉक्टरों ने फिलहाल हार्ट अटैक जैसी स्थिति से इनकार नहीं किया है, उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। रात करीब 11:30 बजे उन्हें सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच की। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पहले देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
हार्ट अटैक की आशंका, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
जेल सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ ठाकुर को हार्ट से जुड़ी समस्या के लक्षण दिखाई दिए थे। एंबुलेंस के जरिए कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में उन्हें गोरखपुर भेजा गया। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल हार्ट अटैक की आशंका से पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच जारी है।
कोर्ट पेशी के बाद बिगड़ी तबीयत
मंगलवार को अमिताभ ठाकुर को दोपहर करीब 3 बजे कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद शाम 6:30 बजे उन्हें वापस देवरिया जेल लाया गया। रात करीब 9:30 बजे उन्होंने डिनर किया, लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द शुरू हो गया।
10 दिसंबर को हुई थी गिरफ्तारी
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को 10 दिसंबर को लखनऊ से दिल्ली जाते समय चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई जमीन खरीद से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में दर्ज मुकदमे के तहत की गई थी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में देवरिया जिला जेल भेजा गया था। उनकी गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई थी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए थे।



