उत्तर भारत में और तीखी पड़ेगी ठंड, कोहरे और शीतलहर का अलर्ट
उत्तर भारत में अगले एक हफ्ते तक घना से बहुत घना कोहरा, जनजीवन होगा प्रभावित पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर व कोल्ड डे का अलर्ट कई राज्यों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना

Weather: उत्तर भारत में ठंड अब और ज्यादा असर दिखाने वाली है। मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित होगा। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।
इन राज्यों में कोल्ड डे और शीतलहर का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में अगले 7 दिनों तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड में 4 जनवरी को और बिहार में 4 से 5 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में 7 जनवरी को शीतलहर चलने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 5 से 8 जनवरी और पूर्वी राजस्थान में 4 से 8 जनवरी तक शीतलहर का असर देखा जा सकता है।
तापमान में कितनी गिरावट आएगी?
नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में अगले दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मध्य भारत में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि उसके बाद अगले तीन दिन मौसम लगभग स्थिर रहने की उम्मीद है।
पूर्वी भारत में मौसम का हाल
पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद मौसम में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं देखा जाएगा।
गुजरात में बढ़ सकता है तापमान
गुजरात में मौसम थोड़ा अलग रहने वाला है। यहां अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं महाराष्ट्र और नॉर्थ-ईस्ट इंडिया में भी न्यूनतम तापमान फिलहाल स्थिर बना रह सकता है।



