वृंदावन पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, 6 से 8 जनवरी तक होगी अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक

RSS की अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक 6 से 8 जनवरी तक वृंदावन के केशव धाम में होगी बैठक में मोहन भागवत समेत 40 केंद्रीय पदाधिकारी विभिन्न अहम मुद्दों पर करेंगे मंथन सुदामा कुटी शताब्दी समारोह में भी संघ प्रमुख की सहभागिता प्रस्तावित

RSS: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए वृंदावन पहुंच गए हैं। मोहन भागवत यहां करीब सात दिनों तक प्रवास करेंगे। उनके साथ संघ के लगभग 40 केंद्रीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। संघ की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, छोटी टोली बैठकों का सिलसिला सोमवार से शुरू हो जाएगा, जबकि मुख्य अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक 6 जनवरी से 8 जनवरी तक वृंदावन स्थित केशव धाम में आयोजित होगी। हर वर्ष जनवरी के पहले सप्ताह में होने वाली इस अहम बैठक में संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं।

 

बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा

इस बैठक में RSS प्रमुख मोहन भागवत के अलावा सरकार्यवाह दत्तात्रेय होशबाले, छह सह सरकार्यवाह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार, सहकार और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही आगामी बंगाल चुनाव को लेकर भी मंथन होने की संभावना है।

 

सुदामा कुटी आश्रम के कार्यक्रमों में भी लेंगे हिस्सा

कार्यक्रम के तहत 9 जनवरी को मोहन भागवत चंद्रोदय मंदिर जाएंगे, जहां वे ठाकुर जी के दर्शन करेंगे और गौशाला व रसोई का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद पदाधिकारियों के साथ बैठक भी होगी। वहीं 10 जनवरी से 21 जनवरी तक नाभापीठ सुदामा कुटी के शताब्दी समारोह का आयोजन किया जाएगा। 10 जनवरी को संघ प्रमुख इसके उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button