सिकंदराबाद में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, पुलिस ने 3 घंटे में एनकाउंटर कर दबोचे आरोपी
बुलंदशहर के सिकंदराबाद में चार साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, इलाके में आक्रोश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 घंटे के भीतर एनकाउंटर में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती, जांच जारी

Uttar Pradesh: बुलंदशहर जिले के थाना सिकंदराबाद me क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम के पिता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। फिलहाल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किराएदारों पर जताया गया था शक
जानकारी के मुताबिक, बच्ची शुक्रवार शाम से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन देर रात मकान के पीछे खेत में उसका शव बरामद हुआ। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मासूम के पिता ने अपने मकान में किराए पर रह रहे दो युवकों राजू और वीरा कश्यप पर शक जताया। दोनों आरोपी लखीमपुर और बलरामपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
रेप के बाद हत्या कर फरार हुए आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले मासूम के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और कांवरा रोड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में छिप गए।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए
आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



