सलमान खान ने 60वां जन्मदिन सादगी और अपनापन के साथ मनाया, पनवेल फार्महाउस पर दिखा खास जश्न
सलमान खान ने 27 दिसंबर को पनवेल फार्महाउस पर मनाया 60वां जन्मदिन। परिवार, करीबी दोस्तों और पैपराजी के साथ सादगी भरा जश्न देखने को मिला। एमएस धोनी समेत कई बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी ने पार्टी को खास बना दिया।

Salman khan: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने 27 दिसंबर को अपना 60वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज़ में मनाया। पनवेल स्थित अपने फार्महाउस पर हुए इस सेलिब्रेशन में सलमान ने न सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों के साथ वक्त बिताया, बल्कि बाहर मौजूद पैपराजी के साथ भी खुशियां साझा कीं। सलमान खुद फार्महाउस से बाहर आए, पैपराजी के साथ केक काटा और उन्हें केक खिलाकर तस्वीरें भी खिंचवाईं। हालांकि यह पार्टी निजी रखी गई थी, लेकिन इसमें इंडस्ट्री के कई जाने-माने चेहरे शामिल हुए। जन्मदिन समारोह में आदित्य रॉय कपूर, रकुल प्रीत सिंह, हुमा कुरैशी जैसी हस्तियां नजर आईं। सलमान के परिवार की मौजूदगी ने इस जश्न को और खास बना दिया। भाई अरबाज खान अपनी पत्नी शूरा खान के साथ पहुंचे, वहीं भतीजे अरहान खान और निर्वाण खान भी दिखाई दिए। बहन अर्पिता खान अपने पति आयुष शर्मा के साथ समारोह में शामिल हुईं।
पार्टी की रौनक तब और बढ़ गई जब पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान एमएस धोनी अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ पहुंचे। सलमान के माता-पिता सलीम खान और सलमा खान की मौजूदगी ने इस जश्न को पूरी तरह पारिवारिक बना दिया।जन्मदिन के साथ-साथ फैन्स की नजरें सलमान खान के प्रोफेशनल फ्रंट पर भी टिकी रहीं। खासतौर पर उनकी आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर उत्सुकता बनी रही। माना जा रहा है कि सलमान अपने इस खास दिन पर फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट साझा कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़
जो सितारे पनवेल फार्महाउस नहीं पहुंच पाए, उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सलमान खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। डायरेक्टर जोया अख्तर समेत कई सेलेब्रिटीज़ ने सलमान की तस्वीरें शेयर कर उन्हें बधाई दी। वहीं फैन्स ने भी सोशल मीडिया पर उनके यादगार किरदारों को याद करते हुए जन्मदिन को खास बना दिया।



