अलीगढ़ में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा, अलाव में पेट्रोल डालने से दो मासूम झुलसे

अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। अलाव में पेट्रोल डालते ही आग भड़की, दो 5 साल के बच्चे झुलस गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दोनों का अस्पताल में इलाज जारी।

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव में पेट्रोल डालने से आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर दो मासूम बच्चे झुलस गए। दोनों बच्चे अपने मामा की शादी में शामिल होने आए थे।

 

शादी की खुशियों के बीच हुआ हादसा

घटना अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के महमूद नगर की है। यहां राजमिस्त्री मेहंदी हसन के छोटे भाई नवी हसन की 23 दिसंबर को शादी है। शादी को लेकर घर में खुशी का माहौल था और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा हुआ था। 21 दिसंबर की देर शाम घर के बाहर अलाव जलाया गया था, जिसकी आग धीमी पड़ रही थी।

 

खेलते-खेलते अलाव में डाला पेट्रोल

इसी दौरान खेलते-खेलते परिवार के ही किसी बच्चे ने घर में रखा पेट्रोल उठाकर अलाव में डाल दिया। पेट्रोल डालते ही आग अचानक भड़क उठी और लपटें तेज हो गईं।

 

आग की चपेट में आए दो मासूम

पास में खड़े 5 साल की सिदरा और 5 साल के फैजान आग की चपेट में आ गए। दोनों बच्चों के कपड़ों में आग लग गई और वे बुरी तरह झुलस गए।

 

जलता बच्चा सड़क पर दौड़ता रहा

हादसे के बाद एक बच्चा जलता हुआ सड़क पर दौड़ने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इस दौरान बच्चा दर्द से कराहता रहा।

 

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

आनन-फानन में दोनों बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चों को जलते हुए सड़क पर दौड़ते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button