घने कोहरे को लेकर कई राज्यों में अलर्ट, ट्रेन-फ्लाइट पर असर के आसार

उत्तर भारत समेत कई राज्यों में घना से बेहद घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी है। कोहरे की वजह से ठंड बढ़ेगी और ट्रेन-फ्लाइट लेट होने के आसार हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में घने से बेहद घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

 

किन राज्यों में कब रहेगा घना कोहरा

IMD के अनुसार रात और सुबह के समय कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रह सकती है: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा: 21 दिसंबर की सुबह तक, पंजाब और हरियाणा: 25 से 27 दिसंबर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 26 और 27 दिसंबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश: 22, 26 और 27 दिसंबर, झारखंड: 21 और 22 दिसंबर, मध्य प्रदेश: 21 दिसंबर की सुबह तक, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत दिवस से लेकर भीषण शीत दिवस की स्थिति बनने की भी संभावना है।

 

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर

IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार के मुताबिक, एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अगले 3–4 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर घाटी में कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के भी आसार हैं। मैदानी इलाकों में पंजाब के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

 

तापमान में क्या रहेगा बदलाव

उत्तर-पश्चिम भारत: पहले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री बढ़ सकता है, इसके बाद 2–4 डिग्री की गिरावट, पूर्वी भारत: अगले 4 दिनों तक तापमान स्थिर, फिर 2–3 डिग्री की गिरावट, गुजरात: अगले 2 दिन कोई खास बदलाव नहीं, फिर 2–3 डिग्री की गिरावट, महाराष्ट्र, मध्य और उत्तर-पूर्वी भारत: अगले 7 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं।

 

ट्रेन और फ्लाइट लेट होने की संभावना

घने कोहरे की वजह से कई एयरपोर्ट, नेशनल हाईवे और रेलवे रूट प्रभावित हो सकते हैं। दृश्यता कम होने के कारण ट्रेन और फ्लाइट लेट होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने और अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है कोहरा

घने कोहरे में मौजूद प्रदूषक तत्व फेफड़ों में जमा हो सकते हैं, जिससे सांस लेने में दिक्कत, खांसी और घरघराहट बढ़ सकती है। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे में मौजूद प्रदूषण आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण का कारण भी बन सकता है।

 

वाहन चलाते समय बरतें ये सावधानियां

फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, अनावश्यक यात्रा से बचें, बाहर निकलते समय चेहरा ढंककर रखें, यात्रा से पहले ट्रेन, फ्लाइट और बस की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

Related Articles

Back to top button