लोकसभा में प्रियंका गांधी–नितिन गडकरी के बीच हल्का-फुल्का संवाद, अपॉइंटमेंट पर आई मुस्कान

लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान प्रियंका गांधी ने नितिन गडकरी से मांगा अपॉइंटमेंट मंत्री बोले– दरवाजा हमेशा खुला है

लोकसभा में बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान उस वक्त दिलचस्प माहौल बन गया, जब कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से सीधे सदन में ही ‘अपॉइंटमेंट’ मांग लिया। इस पर गडकरी के जवाब ने सदन में मौजूद सांसदों को मुस्कुरा दिया। प्रियंका गांधी ने चंडीगढ़–शिमला हाईवे से जुड़े पूरक प्रश्न के दौरान कहा कि वह पिछले जून महीने से अपने लोकसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर मंत्री से मिलने का समय मांग रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं जून से आपसे मिलने का समय मांग रही हूं, कृपया मुझे समय दीजिए ताकि मैं अपने क्षेत्र के बारे में बात कर सकूं।”

 

इस पर नितिन गडकरी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया,

“आप प्रश्नकाल के बाद आ जाइए। आप कभी भी आ सकती हैं, मेरा दरवाजा हमेशा खुला रहता है। अपॉइंटमेंट की कोई जरूरत नहीं है।” गडकरी के इस जवाब पर प्रियंका गांधी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया, जिससे सदन में माहौल और भी सौहार्दपूर्ण हो गया।

 

60 किलोमीटर प्रतिदिन हाईवे निर्माण का लक्ष्य

इससे पहले नितिन गडकरी ने लोकसभा को बताया कि सरकार का लक्ष्य देश में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति को बढ़ाकर 60 किलोमीटर प्रतिदिन करना है। उन्होंने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत फिलहाल कोई नई परियोजना शुरू न होने के कारण निर्माण की रफ्तार कुछ धीमी हुई है, लेकिन सरकार इसे तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

वाहन उद्योग को वैश्विक स्तर पर टॉप बनाने की तैयारी

गडकरी ने यह भी कहा कि सरकार अगले 8 से 10 वर्षों में भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर को दुनिया में शीर्ष स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्तमान में अमेरिका का वाहन उद्योग लगभग 78 लाख करोड़ रुपये का है, चीन 47 लाख करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि भारत का ऑटो सेक्टर करीब 22 लाख करोड़ रुपये का है। सरकार का फोकस इस अंतर को कम करते हुए भारत को ग्लोबल ऑटोमोबाइल हब बनाने पर है।

Related Articles

Back to top button