दिल्ली की राजनीति में कांग्रेस की सशक्त रैली, राहुल-प्रियंका ने कहा– लोकतंत्र बचाना हमारी जिम्मेदारी
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने विशाल रैली की। राहुल-प्रियंका गांधी ने वोट चोरी और लोकतंत्र की रक्षा को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला। रैली में साफ संदेश सत्य की लड़ाई में हम पीछे नहीं हटेंगे।

लोकतंत्र की जमीन पर राजनीतिक टकराव अब सड़क पर साफ दिखने लगा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस ने विशाल रैली कर “कथित वोट चोरी” के मुद्दे को जोरशोर से उठाया। मंच से राहुल और प्रियंका गांधी के तेवर स्पष्ट थे—यह सिर्फ आरोप नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।
राहुल गांधी का EC और केंद्र सरकार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी चुनाव में पैसों का इस्तेमाल कर रही थी, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। राहुल ने इसे “सच बनाम झूठ की लड़ाई” बताते हुए कहा, “हम सत्य के साथ हमेशा खड़े रहेंगे और पीएम मोदी, आरएसएस सरकार को सत्ता से हटाएंगे।” उन्होंने निर्वाचन आयुक्तों को चेतावनी भी दी: “चुनाव आयोग को छूट देने के लिए नया कानून बनाया गया है, लेकिन हम इसे बदलेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। समय लगेगा, लेकिन हिंदुस्तान में सच की जीत होगी। हम अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलकर सत्ता परिवर्तन करेंगे।”
प्रियंका गांधी ने उठाए जनता के मुद्दे
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि संसद में जब पार्टी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया, तब मोदी सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा, “सरकार जनता के मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं दिखाती। पहले ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा होती है, फिर वोट चोरी पर। लेकिन जनता के मुद्दे नजरअंदाज किए जाते हैं।”
प्रियंका ने BJP में शामिल हुए नेताओं पर भी निशाना साधा
प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले चुनावों में कई कांग्रेस नेताओं पर दबाव डाला गया, बैंक अकाउंट बंद किए गए, भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाए गए। “जिन लोगों का दिल कमजोर था, वो BJP में चले गए और धीरे-धीरे पार्टी की मशीन में ‘साफ’ होते गए,” उन्होंने कहा। राहुल और प्रियंका गांधी ने इस रैली में साफ कर दिया कि यह महज राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनता के अधिकार की रक्षा की लड़ाई है।



