मुजफ्फरपुर में पिता ने अपनी तीन बेटियों के साथ की आत्महत्या, इलाके में मचा कोहराम
मुजफ्फरपुर में पिता ने तीन बेटियों के साथ फांसी लगाई। दो बेटे किसी तरह बच गए, पूरे इलाके में दहशत मची। आर्थिक तंगी और पत्नी की मौत को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हादसे में पिता समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे किसी तरह बच गए। पूरे इलाके में इस त्रासदी की खबर फैलते ही कोहराम मच गया।
मासूम बेटियों की उम्र 7 से 11 साल के बीच
घटना मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के रूपनपट्टी मथुरापुर पंचायत के नवलपुर मिश्रौलिया गांव की है। मृतकों में 40 वर्षीय अमरनाथ राम और उनकी तीन बेटियां राधा कुमारी (11), राधिका (9) और शिवानी (7) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, अमरनाथ ने अपने घर में पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर यह खौफनाक कदम उठाया।
बच्चों को भी फांसी लगाने के लिए मजबूर किया
अमरनाथ ने अपने पांच बच्चों के गले में साड़ी से फंदा डाला और उन्हें घर की छत पर ट्रंक पर खड़ा किया। बेटे शिवम ने पुलिस को बताया कि पिता ने सभी बच्चों को ट्रंक से कूदने के लिए कहा। तीनों बेटियां पिता के साथ झटके से कूद गईं। शिवम ने खुद भी कूदने की कोशिश की, लेकिन गले में दर्द होने पर फंदा खोलकर खुद को बचा लिया और छोटे भाई चंदन को भी बचाया। इसके बाद शिवम ने शोर मचाया, जिससे ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
पत्नी की मौत और आर्थिक तंगी बनी वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अमरनाथ की पत्नी की इसी साल जनवरी में मौत हो गई थी। बेटे शिवम ने बताया कि पिता यह कदम पत्नी की याद में उठा रहे थे। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि अमरनाथ का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर था और घर का खर्च मुख्य रूप से सरकारी राशन पर चलता था। शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियां आत्महत्या की वजह मानी जा रही हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने कहा, “प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही कारणों का सही पता चलेगा। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”



