संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की ‘वध 2’ जल्द होगी रिलीज!
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की जोड़ी लेकर आ रही है 'वध 2'। फिल्म का पोस्टर और रिलीज डेट हो गई है सामने। 6 फरवरी 2026 से सिनेमाघरों में धमाका तय।

साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘वध’ ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म की शानदार प्रतिक्रिया के बाद मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट का ऐलान किया था, और अब ये फिल्म रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म का पहला पोस्टर और रिलीज डेट भी सामने आ गई है। ‘वध 2’ सिनेमाघरों में 6 फरवरी 2026 से देखने को मिलेगी। इसे जसपाल सिंह संधू ने लिखा और निर्देशित किया है। लव रंजन और अंकुर गर्ग की लव फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म, पहले पार्ट की आत्मा को बरकरार रखते हुए एक नई कहानी पेश करती है। मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है :“कभी-कभी जो दिखता है, वही पूरी सच्चाई नहीं होता!”
नई झलक में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की दमदार जोड़ी दिखाई दे रही है। पोस्टर में दोनों एक दिशा में देख रहे हैं – संजय थोड़े ब्लर में हैं, जबकि नीना की झलक बिल्कुल साफ है। इसके अलावा और भी पोस्टर्स जारी किए गए हैं, जो दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा रहे हैं। ‘वध 2’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बनती जा रही है और रिलीज से पहले ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।



