सरफराज खान का ताबड़तोड़ शतक, आईपीएल नीलामी से पहले बढ़ी कीमत
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सरफराज खान का धमाका पहली बार टी20 में जड़ा ताबड़तोड़ शतक आईपीएल नीलामी से पहले बढ़ी सरफराज की चमक

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। चूंकि इसी महीने आईपीएल 2025 की नीलामी भी होनी है, इसलिए टीमों की नज़रें इस टूर्नामेंट पर टिकी हुई हैं। इसी बीच सरफराज खान ने अपने विस्फोटक खेल से सबका ध्यान खींच लिया है। अक्सर टेस्ट बैटर के तौर पर पहचाने जाने वाले सरफराज खान ने इस टी20 टूर्नामेंट में ऐसी पारी खेली, जिसने निश्चित रूप से उनकी आईपीएल वैल्यू में इजाफा कर दिया है।
मुंबई के लिए खेलते हुए बोला सरफराज का बल्ला
सरफराज खान मुंबई की ओर से मैदान में उतरे। टीम ने पहले बल्लेबाजी शुरू की। ओपनर आयुष म्हात्रे 14 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। इसके बाद नंबर तीन पर सरफराज बल्लेबाजी के लिए आए और उन्हें अजिंक्य रहाणे का साथ मिला। सरफराज ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पहले अर्धशतक तक पहुंचे, फिर शतक की ओर कदम बढ़ाए। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में करियर का पहला टी20 शतक पूरा कर लिया।
मुंबई ने खड़े किए 220 रन का बड़ा स्कोर
सरफराज की पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, और उनका स्ट्राइक रेट 212.77 का रहा। रहाणे ने 32 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार यादव ने अपने स्टाइल में 12 गेंदों पर 20 रन ठोके। सबसे खास बात, सरफराज खान नाबाद लौटे और मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टी20 क्रिकेट में सरफराज का पहला शतक
डोमेस्टिक क्रिकेट में शतकों की बरसात करने वाले सरफराज ने पहली बार टी20 में अपना बल्ला इस तरह चलाया है। अब देखना यह होगा कि आने वाले मैचों में वे कैसा प्रदर्शन करते हैं। अगर उनका फॉर्म ऐसा ही रहा, तो आईपीएल नीलामी में कई फ्रेंचाइज़ियां उन्हें लेने की कोशिश कर सकती हैं। हालांकि, अब तक आईपीएल करियर में सरफराज कोई बड़ी छाप नहीं छोड़ पाए हैं, यही वजह है कि उनके नाम पर ज्यादा चर्चा नहीं होती थी, लेकिन इस पारी के बाद हालात बदलते दिख रहे हैं।



