अयोध्या: शादी के तीसरे दिन दुल्हन लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार, CCTV में कैद हुई तस्वीरें

नई-नई शादी के सिर्फ तीन दिन बाद दुल्हन हुई फरार लाखों के जेवर-नकदी लेकर रातों-रात निकली घर से CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस तलाश में जुटी

अयोध्या से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के सिर्फ तीन दिन बाद नई-नवेली दुल्हन ससुराल से लाखों रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। दुल्हन को देर रात घर से बाहर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट देखा गया है। यह घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र की सुजागंज चौकी अंतर्गत हयात नगर की बताई जा रही है। पूरा परिवार सदमे में है और मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

25 नवंबर को हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, हयात नगर निवासी रामतेज के बेटे मोहित शर्मा की शादी 25 नवंबर को मिल्कीपुर तहसील के खंडासा थाना क्षेत्र के एक गांव में धूमधाम से हुई थी। परिवार खुशियों में डूबा था, लेकिन तीसरे ही दिन सबकुछ बदल गया।

 

रात में सब सोते रहे, दुल्हन सामान लेकर निकल गई

परिजनों ने बताया कि बीती रात सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान दुल्हन घर में रखे लाखों के जेवर, नगदी और कुछ जरूरी सामान लेकर चुपचाप घर से निकल गई। सुबह जब दुल्हन अपने कमरे में नहीं मिली, तो परिवार के होश उड़ गए। आसपास खोजबीन की गई लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत रुदौली कोतवाली में सूचना दी।

 

CCTV में कैद हुई दुल्हन, पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने दूल्हे के परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में दुल्हन घर से बाहर जाती हुई दिख रही है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। परिवार का कहना है कि शादी के तीन दिन बाद दुल्हन का इस तरह गायब होना बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button